कांवड़ बैरिकेड की रस्सी बनी जानलेवा, स्कूटी सवार युवक ने तोड़ा दम



कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाए गए बैरिकेड की रस्सी बुधवार को एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। बाबरी क्षेत्र में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर बनत पुल के निकट रस्सी में स्कूटी उलझने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव तलवा माजरा निवासी 25 वर्षीय कमल उर्फ विश्वास पुत्र विनोद स्कूटी से अपने गांव से बनत की ओर जा रहा था। जब वह बनत पुल के पास पहुंचा तो कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड की रस्सी में उसकी स्कूटी अचानक उलझ गई। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और कमल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी सूचना राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव तलवा माजरा में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीण गुड्डू ने बताया कि कमल अविवाहित था और कंडेला स्थित एक चम्मच फैक्ट्री में नौकरी करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Post a Comment

0 Comments