महिला को गन्ने के खेत में खींचने का प्रयास, विरोध पर बाजार में मारपीट, तीन के खिलाफ तहरीर




थाना क्षेत्र के गांव बाबरी में एक महिला से कथित छेड़छाड़ और उसके बाद विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना बाबरी में तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में गांव बाबरी निवासी शहनाज पत्नी शफीक ने बताया कि बुधवार को करीब साढ़े 11 बजे वह खेत में बकरियों के लिए चारा लेने गई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद तीन युवकों में से एक ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन गन्ने के खेत की ओर खींचने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर तीनों युवक मौके से फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि घर लौटकर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और डायल-112 पुलिस को भी सूचना दी। इसके बाद वह अपने भतीजे शाहरुख के साथ आरोपितों के घर शिकायत करने पहुंची, जहां आरोप है कि आरोपितों ने दोनों के साथ भरे बाजार में मारपीट कर दी।
महिला ने तहरीर में एक आरोपित की पहचान शाहरुख पुत्र शब्बीर निवासी बाबरी के रूप में की है, जबकि दो अन्य युवकों के नाम की जानकारी नहीं होने की बात कही है। पुलिस ने आरोपी शाहरुख पुत्र शब्बीर को पकड़कर शांति भंग की आशंका में न्यायालय में पेश किया गया।

Post a Comment

0 Comments