गांव बाबरी स्थित प्राचीन भूमिया खेड़ा मंदिर पर शनिवार को ग्रामीणों के सहयोग से वैदिक हवन-यज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर गांव में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से संपन्न हुए हवन-यज्ञ में श्रद्धालुओं ने अपने परिवार और क्षेत्र की उन्नति एवं कल्याण के लिए आहुति दी। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की।
हवन-यज्ञ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की समस्त व्यवस्थाएं ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और सेवा भाव से संभाली। युवाओं ने भोजन वितरण, श्रद्धालुओं के बैठने तथा अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई, जबकि महिलाओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
आयोजन में सुरेश सैनी, कृष्णपाल फौजी, जबर सिंह, जितेंद्र, नीटू, इस्म सिंह, शिवचरण सैनी, मांगेराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

0 Comments