महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को थाना बाबरी पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने गांव बाबरी के प्रमुख चौराहों पर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, हेल्पलाइन सेवाओं और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, महिला कांस्टेबल कल्पना माथुर एवं आरक्षी शशि ने महिलाओं से कहा कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार के अपराध की स्थिति में डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 108 एंबुलेंस सेवा की उपयोगिता बताते हुए आवश्यकता पड़ने पर इनका तत्काल प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा ऑपरेशन सवेरा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
अभियान के दौरान महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने, साइबर अपराधियों के झांसे में न आने, सीसीटीवी कैमरों के महत्व को समझने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और अपराध के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

0 Comments