कैराना। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) नगर इकाई कैराना के तत्वावधान में शुक्रवार शाम सिताब सिंह मार्केट स्थित चौधरी गुरदीप सिंह के आवास पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष प्रदीप गोयल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा चौधरी गुरदीप सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष कैराना नियुक्त किए जाने पर व्यापार मंडल की ओर से उनका फूल-मालाएं एवं सम्मान पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सभी व्यापारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार भी किया गया।
नगर अध्यक्ष प्रदीप गोयल ने कहा कि चौधरी गुरदीप सिंह की नियुक्ति पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी व्यापारियों से संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए व्यापारी हितों के लिए सदैव मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी व्यापारियों ने भी एकजुट होकर व्यापारी हितों की रक्षा एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यापारी नेता अय्यूब मंसूरी, संदीप शर्मा, फैजान अहमद, राकेश वर्मा, मनीष कंसल, संजय राजवंशी, हर्ष बंसल, डॉ. सावेज रहमानी, अनिल चौहान, डॉ. निगम चौहान, इरशाद सैफी, राजीव राजवंशी,मोहम्मद अहमद खान, इरफान सलमानी, राजपाल मेम्बर, उसमान शम्सी, सरफराज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

0 Comments