दस नलकूपों में तोड़फोड़, भूमिगत केबल काटी, किसानों में आक्रोश- खेतों पर पहुंचे किसानों को मिली घटना की जानकारी


 क्षेत्र की भाजू पुलिस चौकी के अंतर्गत बदमाशों ने एक ही रात में दस किसानों के नलकूपों को निशाना बनाकर हजारों रुपये का नुकसान कर दिया। बदमाशों ने नलकूपों के विद्युत उपकरणों में तोड़फोड़ करने के साथ ही जमीन खोदकर भूमिगत केबल काट दी। घटना के बाद किसानों में आक्रोश है।
शनिवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों ने नलकूपों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। बदमाशों ने स्टार्टर, कटआउट और अन्य विद्युत उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके अलावा नलकूपों तक पहुंचने वाली भूमिगत केबल को फावड़े से जमीन खोदकर गहराई में काट दिया गया। किसानों का कहना है कि केबल को जोड़ने के लिए अब चेन कुप्पी की मदद से बोरिंग को ऊपर उठाना पड़ेगा, जिसके बाद ही केबल की मरम्मत हो सकेगी। इससे किसानों को अतिरिक्त खर्च और परेशानी उठानी पड़ेगी।
घटना की सूचना किसानों ने डायल-112 और बाबरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पीड़ित किसान राजीव, ओमकार सिंह, उदयवीर सिंह, आशीष, रामकुमार और रविंद्र सिंह निवासी चुनसा के अलावा त्रिपाल सिंह, पंजाब सिंह, हरचैन सिंह और मास्टर महक सिंह मौके पर एकत्र हो गए।
किसानों ने पुलिस के सामने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में नलकूपों में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ ही फसलों की सिंचाई में भी परेशानी हो रही है। किसानों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और नुकसान की भरपाई की मांग की।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments