कैराना। नगर के चौक बाजार में आवारा गोवंश और सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मुख्य मार्ग पर दिनभर गोवंश के घूमने और सड़क के बीच बैठने से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी हर समय हादसे का खतरा बना हुआ हैं।
व्यापारियों का कहना है कि कई बार सांड अचानक आक्रामक होकर लोगों की ओर दौड़ पड़ते हैं, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच जाती है। दुकानों के सामने गोवंश के डेरा जमाने से ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है, जिसका सीधा असर व्यापार पर भी पड़ रहा है। व्यापारी अनिल गोयल ने बताया कि चौक बाजार नगर का सबसे व्यस्त क्षेत्र है, लेकिन यहां आवारा गोवंश की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि गोवंश को सुरक्षित रूप से गौशाला अथवा अन्य उपयुक्त स्थान पर भिजवाकर बाजार क्षेत्र को इस समस्या से मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
उधर, इस संबंध में तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आवारा गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था कर आमजन एवं व्यापारियों को राहत दिलाई जा सके।

0 Comments