थाना बाबरी को बृहस्पतिवार को नया प्रभारी मिल गया। प्रशासनिक फेरबदल के तहत एसओजी में तैनात रहे उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह ने थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। वहीं, पूर्व थाना प्रभारी राहुल सिसोदिया का स्थानांतरण एसओजी होने पर थाना परिसर में उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यभार हस्तांतरण के दौरान दोनों अधिकारियों ने एक-दूसरे का माल्यार्पण कर सम्मान किया। थाना स्टाफ की मौजूदगी में औपचारिक रूप से चार्ज का आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राहुल सिसोदिया के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और नवागत प्रभारी कुलदीप सिंह का स्वागत किया।
पदभार संभालने के बाद कुलदीप सिंह ने थाना स्टाफ के साथ पहली बैठक कर कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ संवेदनशील और मर्यादित व्यवहार करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना, जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत करना तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। बैठक के अंत में थाना स्टाफ ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना की।

0 Comments