बिना अनुमति लगाए जा रहे रक्तदान शिविर को कराया बंद, दो यूनिट रक्त संग्रह के बाद टीम लौटी



थाना क्षेत्र के बाबरी गांव में आज बृहस्पतिवार को बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविर को ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद बंद करना पड़ा। शिविर का आयोजन बाबरी-हींड मार्ग स्थित कैडी बस स्टैंड पर हेल्थ केयर मेडिकल स्टोर के पास भारत सूर्योदय सेवा ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, शिविर की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान पति रविंद्र सैनी मौके पर पहुंचे और आयोजकों से शिविर लगाने संबंधी अनुमति पत्र दिखाने को कहा। आरोप है कि शिविर के साथ मौजूद डॉक्टर आकाश लैब टेक्नीशियन तथा डॉक्टर राशिद अली कोई वैध अनुमति अथवा प्रशासनिक स्वीकृति नहीं दिखा कर सके।
इस पर रविंद्र सैनी ने बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर रक्तदान शिविर आयोजित करने पर आपत्ति जताई और शिविर का संचालन बंद करने को कहा। बताया गया कि उस समय तक बाबरी निवासी नकुल तथा मोहम्मद शोएब से एक-एक यूनिट रक्त लिया जा चुका था।
अनुमति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण आगे रक्त संग्रह की प्रक्रिया रोक दी गई। इसके बाद आयोजक टीम शिविर को बंद कर वापस लौट गई। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी शिविर का आयोजन संबंधित विभागों की अनुमति और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Post a Comment

0 Comments