कैराना : नगर के मोहल्ला बिसातियान में विद्युत विभाग द्वारा नव स्थापित किए जाने वाले ट्रांसफार्मर के लिए बनाए गए चबूतरे को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पूर्व सभासद के पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विद्युत उपकेंद्र देवी मंदिर कैराना पर तैनात अवर अभियंता अजय कुमार ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि मोहल्ला बिसातियान चौराहे पर ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाना प्रस्तावित था। इसके लिए गत 11 जून को विद्युत विभाग की ओर से करीब दो गुणा दो मीटर आकार का चबूतरा तैयार कराया गया था। आरोप है कि उसी दिन शाम करीब आठ बजे मोहल्ला बिसातियान निवासी गयूर पुत्र रियासत अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और नव निर्मित चबूतरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि आरोपितों ने मौके पर भीड़ एकत्र कर लोगों को उकसाने का प्रयास किया, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हुआ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने गयूर पुत्र रियासत समेत चार आरोपितों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई में जुटी हैं।
----

0 Comments