तंबू का सामान लेने गए युवक पर हमला, फायरिंग व मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज


कैराना। गांव तितरवाड़ा में शादी समारोह के लिए तंबू का सामान लेने गए युवक पर कथित रूप से फायरिंग और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव तितरवाड़ा निवासी मुस्तफा पुत्र शौकत अली की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, गत 31 मई की शाम उसका भाई अरशद अपने भतीजे आजम के साथ गांव में शादी समारोह के लिए टेंट का सामान लेने गया था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले में अरशद गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे आजम के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को आरोपियों के चंगुल से बचाया। घायल अरशद को उपचार के लिए पहले सरकारी अस्पताल और बाद में गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाली कैराना पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों व अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments