तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक गंभीर घायल, एफआईआर दर्ज


कैराना। फ्लाईओवर चौराहे के निकट तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा के जनपद पानीपत के गांव डाढोला निवासी नरेंद्र कुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई अरविंद कुमार गत 2 जून को कैराना के फ्लाईओवर चौराहे के पास अपने परिचित से मिलने आया था। आरोप है कि शाम करीब 5:45 बजे विपरीत दिशा से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक कार ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं तथा मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल का उपचार पीजीआई रोहतक में चल रहा है। आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक कुछ दूरी पर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में कोतवाली कैराना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments