कैराना। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर यमुना घाट श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहा। प्रातःकाल से ही हजारों श्रद्धालु यमुना घाट पर स्नान, पूजा-अर्चना एवं दान-पुण्य के लिए पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं देश में खुशहाली की कामना की।
पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा।
बुधवार को यूपी हरियाणा से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने घाट पर पहुंचकर स्नान करने के लिए भीड़ जुटी रही। एसडीएम शिवाजी यादव, क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। यमुना घाट पर सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक पुलिस बल, पीएसी जवानों तथा गोताखोरों की तैनाती की गई थी। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को निर्धारित क्षेत्रों में ही स्नान कराया गया।
घाट पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा, लेकिन प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी एवं गोताखोरों की टीमें लगातार अलर्ट मोड पर रहीं।
----

0 Comments