हाईटेंशन तार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार



 थाना बाबरी पुलिस ने हाईटेंशन विद्युत तार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 किलोग्राम चोरी किया गया विद्युत तार बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले दिनों हाईटेंशन विद्युत तार चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। इनमें झिंझाना, गढ़ीपुख्ता, कांधला तथा बाबरी थाना क्षेत्रों में विद्युत लाइनों से तार चोरी किए गए थे। इन मामलों में संबंधित थानों पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। थाना बाबरी पुलिस व सर्विलांस टीम ने तीन मई को इस गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि फरार आरोपितों की तलाश जारी थी।रविवार को पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बाबरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य नाजिम पुत्र टीटू निवासी ग्राम अख्तियारपुर, थाना धनौरा, जनपद अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 25 किलोग्राम विद्युत तार बरामद हुआ है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शामली जनपद के विभिन्न थानों में विद्युत तार चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश एवं कांस्टेबल सचिन शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments