गंगा दशहरा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों में जुटा अमला



 कैराना। आगामी बुधवार को आयोजित होने वाले गंगा दशहरा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है। यमुना घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं एवं यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

एसडीएम शिवाजी यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ यमुना घाट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान के लिए बैरिकेडिंग कराई जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। घाट पर महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। धार्मिक विद्वान पंडित सुनील शास्त्री ने बताया कि गत माह आयोजित स्नान पर्व पुरुषोत्तम मास के दौरान संपन्न हुआ था, जिसका धार्मिक महत्व भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार से जुड़ा माना जाता है। उन्होंने बताया कि ज्येष्ठ माह का गंगा दशहरा इस वर्ष बुधवार को मनाया जाएगा, जबकि इसके अगले दिन गुरुवार को निर्जला एकादशी का पावन पर्व रहेगा। दोनों पर्वों के चलते यमुना घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग तथा गोताखोरों की टीमें मुस्तैद रहेंगी।

Post a Comment

0 Comments