कनाडा से पत्रकारिता की डिग्री हासिल कर मारिया हसन ने बढ़ाया क्षेत्र का मान


कैराना। कस्बे के प्रतिष्ठित हसन परिवार की बेटी मारिया हसन ने कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ द फ्रेजर वैली (यूएफवी) से पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक डिग्री प्राप्त कर परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

मारिया हसन, कैराना के पूर्व सांसद मरहूम मुनव्वर हसन की भतीजी तथा वर्तमान सांसद इकरा हसन की चचेरी बहन हैं। उनके पिता एवं राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता कवर हसन ने बताया कि मारिया ने चार वर्ष की पढ़ाई पूरी कर पत्रकारिता में स्नातक डिग्री हासिल की है। डिग्री प्रदान किए जाने के अवसर पर वह परिवार के साथ कनाडा स्थित विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां आयोजित दीक्षांत समारोह में मारिया को सम्मानपूर्वक डिग्री प्रदान की गई।

कवर हसन ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मारिया हसन ने कहा कि उनका सपना पत्रकारिता के क्षेत्र में उच्च स्तर पर कार्य करते हुए निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता करना है। उन्होंने कहा कि वह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा बनाए रखते हुए समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहती हैं।

मारिया की इस सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

0 Comments