कैराना : एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने का एक मामला सामने आया है। पीड़ित ने अज्ञात युवकों पर एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 31 हजार रुपये निकाल लेने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम मवी निवासी सारून अली पुत्र वसी ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उसका एचडीएफसी बैंक शाखा शामली में बचत खाता है। आरोप है कि गत 31 मई को वह कैराना स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने गया था। इस दौरान उसने दो बार दस दस हजार रुपये निकाले। तीसरी बार बीस हजार रुपये निकालने का प्रयास करने पर मशीन ने लेन-देन अस्वीकार कर दिया।
पीड़ित के अनुसार उसी समय वहां मौजूद दो अज्ञात युवकों ने खाते में बैलेंस न होने की बात कहकर बातचीत शुरू की और मौका पाकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। वह बदला हुआ कार्ड अपना समझकर घर चला गया।
शाम करीब 7:15 बजे उसके मोबाइल पर खाते से दो बार दस दस हजार रुपये तथा दो बार पांच हजार पांच सौ, पांच हजार पांच सौ रुपये निकाले जाने के संदेश प्राप्त हुए। संदेश मिलने पर उसे धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उसने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना खाता ब्लाक कराया, लेकिन तब तक खाते से कुल एकतीस हजार रुपये निकाले जा चुके थे। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात आरोपियो के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
----

0 Comments