नाला सफाई का मलबा 15 दिन से सड़क पर, दुकानदारों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी



कस्बे के बस स्टैंड-होली चौक क्षेत्र में नालों की सफाई के बाद निकाला गया मलबा पिछले करीब 15 दिनों से सड़क किनारे और दुकानों के सामने पड़ा हुआ है। मलबा नहीं हटाए जाने से स्थानीय व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूप और वाहनों की आवाजाही के कारण सूख चुका यह मलबा अब धूल बनकर उड़ रहा है, जिससे बाजार का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय व्यापारियों सोनू सैनी, अमरीश पाल,हर्ष मित्तल, उज्ज्वल पाल और अमित पाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व क्षेत्र के नालों की सफाई कराई गई थी। सफाई अभियान से जल निकासी व्यवस्था में सुधार तो हुआ, लेकिन नालों से निकाली गई गाद और मिट्टी को मौके से नहीं हटाया गया।यह मलबा सड़क किनारे ढेर के रूप में पड़ा है और अब धूल बनकर दुकानों के भीतर तक पहुंच रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि धूल के कारण ग्राहकों को असुविधा हो रही है, वहीं दुकानों में रखे सामान पर भी असर पड़ रहा है। कई लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात से परेशान होकर कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने पड़ा मलबा स्वयं ही हटाया है, लेकिन पूरे क्षेत्र में समस्या अब भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार प्रधान को इस बारे में कहा गया, लेकिन अब तक मलबा उठाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान यही मिट्टी और गाद दोबारा नालियों में पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है, जिससे जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।
क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने ग्राम प्रधान अनुराधा सैनी एवं ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन राणा से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सड़क और दुकानों के सामने पड़े मलबे को तत्काल हटवाया जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और लोगों को धूल व गंदगी से राहत मिल सके।
इस संबंध में ग्राम प्रधान अनुराधा सैनी ने बताया कि क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई कराई जाती है। जो कूड़ा मशीन से साफ नहीं हो पाता, उसे सफाई कर्मियों के माध्यम से हटवाया जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो दिन के भीतर मलबा हटवाकर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments