सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना बाबरी की सीसी टीम ने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम प्रभारी निरीक्षक राकेश भड़ाना ने ग्रामीणों व वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया।
प्रभारी निरीक्षक राकेश बढ़ाना ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। वहीं चार पहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों को सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने वाहन चालकों से तेज गति से वाहन न चलाने और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी लापरवाही से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है, इसलिए ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का प्रयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।
अभियान के दौरान लोगों को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा रात में वाहन चलाते समय हेडलाइट, इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर का सही उपयोग करने की सलाह दी गई। प्रभारी निरीक्षक ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-सी सतर्कता भी बड़े हादसे को टाल सकती है।
पुलिस टीम ने लोगों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

0 Comments