थाना बाबरी क्षेत्र में बुधवार रात एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरिद्वार से लौट रहा परिवार सड़क किनारे रुकी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठा था। पीछे से तेज रफ्तार रोडवेज बस ने गाड़ी में टक्कर मार दी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के गांव गुहना निवासी राजू ने बाबरी थाने में दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार को अपनी बहन की स्कॉर्पियो कार से परिवार के साथ हरिद्वार से वापस लौट रहे थे। रास्ते में संस्कृति स्कूल के पास एक ट्रैक्टर डिवाइडर में पानी दे रहा था, जिसे देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस ने तेज गति और लापरवाही से स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 Comments