कैराना। कैराना क्षेत्र से सटे गांव ऐरटी की विवाहिता काजल की मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने उसे लोनी क्षेत्र की मलिक सिटी से दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, गांव ऐरटी निवासी ब्रह्मदत्त ने अपनी पुत्री काजल का विवाह जुलाई 2021 में गाजियाबाद जनपद के लोनी थाना क्षेत्र स्थित मलिक सिटी कॉलोनी निवासी दीपक के साथ किया था। मृतका के पिता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही दीपक दहेज को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित करता था। वह अक्सर पांच लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर काजल के साथ मारपीट भी की जाती थी।
परिजनों के मुताबिक जनवरी 2026 में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दीपक ने काजल के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया था। बाद में पंचायत के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ और आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पत्नी को वापस अपने साथ रख लिया था।
मृतका के पिता ने बताया कि 15 मई को दीपक ने फोन कर सूचना दी कि काजल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को मलिक सिटी के निकट से गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments