जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने मकानों पर लगाए पलायन के पोस्टर



क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर में जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है। गांव के एक ही मोहल्ले के 24 मकानों पर पलायन के पोस्टर लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मोहल्ले में जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक समाधान नहीं हो सका है।ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ले की गलियों में लगातार पानी भरा रहने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण भी रोजाना जलभराव के बीच से निकलने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान, सचिव और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। जलभराव के कारण गंदगी बढ़ रही है, जिससे मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अपने मकानों पर पलायन के पोस्टर लगाकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर पलायन करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और मोहल्ले की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments