महिलाओं को नए कानूनों और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी



महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से शनिवार को थाना बाबरी क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव बाबरी स्थित लाला इंद्र प्रकाश जनता इंटर कॉलेज और कैडी बस स्टैंड पर छात्राओं व महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं और महिलाओं को बताया कि हाल ही में लागू किए गए नए आपराधिक कानून न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पीड़ित केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन कानूनों से महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी तथा अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।
अभियान के दौरान महिलाओं को साइबर क्राइम, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, छेड़छाड़, बाल अपराध और महिला उत्पीड़न जैसे मामलों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता बेहद जरूरी है और किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदिग्ध लेनदेन से बचना चाहिए।
महिलाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 108 एंबुलेंस सेवा पर तत्काल सहायता ली जा सकती है।
इसके अलावा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और ऑपरेशन सवेरा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध होने पर बिना डर संबंधित विभाग या पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments