कैराना। गांव कण्डेला में स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र का क्लोज्ड यूजर ग्रुप(सीयूजी) नंबर कई माह से बंद पड़ा है, जिसके चलते उपभोक्ता परेशान है। वहीं, समस्या के प्रति अफसरों की उदासीनता से उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है।
ऊर्जा निगम की ओर से कम्युनिकेशन हेतु विभाग में क्लोज्ड यूजर ग्रुप(सीयूजी) नंबर जारी किए गए है। ये सीयूजी नंबर जनपद की विभिन्न डिवीजनों, सब-डिवीजनों, स्टेशनों व सब-स्टेशनों पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को वितरित किये गए है, जिनका सार्वजनिक तौर पर प्रचार-प्रसार भी किया जाता है। ताकि किसी भी सहज अथवा विषम परिस्थिति में सीयूजी नंबर पर कॉल करके सम्बंधित अधिकारी से संवाद किया जा सके। परन्तु, गांव कण्डेला में स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए विभाग द्वारा जारी किया गया सीयूजी नंबर पिछले करीब पांच माह से बंद पड़ा है, जिसके चलते उपभोक्ता परेशान है और सूचनाओं के आदान-प्रदान में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में किसी भी प्रकार का हादसा होने पर सूचना के प्रेषण में विलंब नुकसान में वृद्धि का कारण बन सकता है। विगत 10 अप्रैल को एक्सईएन चतुर्थ के सीयूजी नंबर पर कॉल करके इस मामले की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया था, परन्तु 21 दिन बाद भी कोई संज्ञान नही लिया गया। समस्या के निवारण हेतु शुक्रवार को भी एक्सईएन चतुर्थ और एसडीओ प्रथम के सीयूजी नंबर पर कॉल किया गया, परन्तु दोनों अधिकारियों ने कॉल रिसीव करना मुनासिब नही समझा। सार्वजनिक समस्या के प्रति अधिकारियों की उदासीनता समस्या को बढ़ाने का काम कर रही है।

0 Comments