पिछली रात कैराना और आसपास के क्षेत्रों में आई तेज आंधी और तूफान ने व्यापक तबाही मचाई। इस दौरान आम के बागों, रिहायशी व शैक्षणिक इमारतों की छतों और सोलर पैनलों को भारी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से लाखों रुपये के नुकसान की खबर है, जिससे क्षेत्र के लोग, खासकर बागवान वर्ग, बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने से लोगों में दहशत फैल गई। इसी दौरान मदरसा जाहिदिया फैज कामिल, भूरा के मोहतमिम मौलाना वासिल हुसैनी ने बताया कि उनके मदरसे में आकाशीय बिजली गिरने से एक कमरे की छत, जो सीमेंट की चादरों से बनी थी, पूरी तरह ध्वस्त हो गई और चादरें टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर गईं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आर्थिक नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है।
उधर तेज आंधी का असर क्षेत्र के आम के बागों पर भी देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते पेड़ों पर लगे कच्चे आम बड़ी संख्या में गिर गए, जिससे बागवानों और ठेकेदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कई बाग मालिकों का कहना है कि आम की फसल इस समय शुरुआती दौर में थी, ऐसे में इस नुकसान ने उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों और बागवानों के नुकसान का जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें। साथ ही, लोगों ने आकाशीय बिजली जैसी घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय करने की भी अपील की है।

0 Comments