बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा



कस्बे के मुख्य बाजार में पंजाब नेशनल बैंक के समीप शुक्रवार को बिजली के खंभे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खंभे पर लगे बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण चिंगारी उठी और कुछ ही देर में आग लग गई। घटना के बाद आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खंभे से धुआं और चिंगारियां निकलती देख लोगों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग पर काबू पाया जा सका और बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना के चलते करीब एक घंटे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से दुकानदारों, बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए कर्मचारियों ने जनरेटर का सहारा लिया।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी। बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में जर्जर तारों और बिजली खंभों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Post a Comment

0 Comments