बिहार में सड़क हादसे में बनतीखेड़ा के दो दोस्तों की मौत, गांव में पसरा मातम


बिहार में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गांव बनतीखेड़ा के दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवक बचपन के दोस्त थे और हमेशा साथ रहते थे। उनकी एक साथ मौत से ग्रामीण भी भावुक हैं।
जानकारी के अनुसार गांव बनतीखेड़ा निवासी 23 वर्षीय सादिक ट्रक चालक था, जबकि 22 वर्षीय सोहेल ट्रक पर हेल्पर के रूप में कार्य करता था। शुक्रवार को दोनों सीतापुर से ट्रक में सामान भरकर गुवाहाटी, असम के लिए रवाना हुए थे। इन्हीं के मालिक की दूसरी गाड़ी भी सामान लेकर उनके साथ ही चल रही थी। शुक्रवार तड़के करीब दो बजे बिहार के ठाकुरगंज क्षेत्र में बंगाल बॉर्डर के पास आगे चल रही दूसरी गाड़ी का टायर पंचर हो गया। चालक ने सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर बदलना शुरू कर दिया।
पीछे से आ रहे सादिक और सोहेल ने साथी की गाड़ी रुकी देख अपनी गाड़ी भी रोक दी। दोनों ट्रक से उतरकर साथी चालक का हालचाल जानने के लिए उसकी ओर बढ़े ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक सादिक और सोहेल बचपन से घनिष्ठ मित्र थे। दोनों अक्सर साथ काम करते और अधिकतर समय एक-दूसरे के साथ ही बिताते थे। गांव में चर्चा है कि जीवनभर साथ रहने वाले दोनों दोस्त दुनिया भी एक साथ छोड़ गए।
परिजनों के अनुसार सादिक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं सोहेल छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई और एक बहन की शादी हो चुकी है। करीब चार वर्ष पूर्व पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक उसी के कंधों पर आ गई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के सदस्य बिहार बॉर्डर के लिए रवाना हो गए। शनिवार शाम 7 बजे दोनों शव गांव पहुंचे की । शवों के गांव पहुंचने की सूचना पर ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुटना शुरू हो गए।देर रात करीब नौ बजे दोनों मृतकों को सुपुर्द खाक किया
दोनों युवकों की असमय मौत से गांव बनतीखेड़ा में मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments