मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर



कैराना: नगर के मोहल्ला आल कलां निवासी एक युवक ने दो सगे भाइयों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। 

पीड़ित अरशद चौधरी पुत्र रियासत चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक प्राइमरी स्कूल संचालित करता है और हिंदी पत्रकारिता से भी जुड़ा हुआ है। आरोप है कि 30 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब एक बजे वह रास्ते से गुजर रहा था, तभी मोहल्ला आल कलां निवासी आरिफ पुत्र जाहिद ने उसे रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपी अपने साथियों के साथ मारपीट पर उतारू हो गया। किसी तरह जान बचाकर वह मौके से निकला, लेकिन आरोप है कि आरोपी छत पर चढ़कर भी गाली-गलौज करता रहा। पीड़ित का कहना है कि उसी दिन शाम को आरोपी के भाई शमशाद ने भी गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके स्कूल को बंद कराने और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों के परिजनों द्वारा फोन कर भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और धमकाया गया।
अरशद चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग अवैध हथियार व नशीले पदार्थों के कारोबार में लिप्त हैं और विरोध करने वालों के साथ मारपीट करते हैं। उसने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments