कैराना : कैराना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की कुल 14 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि संदिग्ध वाहन एवं व्यक्ति चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में थाना कैराना पुलिस ने कैराना-शामली बाईपास पुल के पास से नदीम पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम लिलौन थाना कोतवाली शामली को चोरी की एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने भूरा-बराला रोड स्थित बंद पड़ी पटाखा फैक्ट्री के खंडहर से चोरी की 13 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर है, जो अपने साथियों सारिक उर्फ जीफा निवासी कैराना तथा परवेज उर्फ फौजी निवासी जनपद बागपत के साथ मिलकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की गई बाइकों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर बाद में बेच दिया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शामली व अन्य जनपदों के थानों में लूट, चोरी एवं गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार त्यागी, विनोद कुमार राघव सहित थाना कैराना पुलिस टीम शामिल रही।

0 Comments