दो स्थानों पर पेड़ गिरने से 12 घंटे ठप रही बिजली, पानी संकट से जूझे ग्रामीण

कस्बा बाबरी और आसपास के क्षेत्रों में रविवार- सोमवार की देर रात आए तेज तूफान और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। बाबरी-बुटराडा मार्ग पर पानी की टंकी के सामने तथा सांई फिलिंग स्टेशन से आगे दो अलग-अलग स्थानों पर पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रात करीब 12 बजे ठप हो गई।
बिजली गुल होने से पूरी रात और सोमवार सुबह तक कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे में डूबे रहे। सूचना मिलने पर सोमवार सुबह बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लाइन में आए फॉल्ट की जांच शुरू की। कर्मचारियों ने बिजली तारों पर गिरे पेड़ों को हटाने के बाद मरम्मत कार्य किया। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह बच्चों को स्कूल जाने से पहले नहाने और तैयार होने के लिए पानी नहीं मिल सका। महिलाओं को खाना बनाने, बर्तन धोने और अन्य घरेलू कार्यों में दिक्कत उठानी पड़ी।
वहीं किसानों के सामने भी समस्या खड़ी हो गई। पशुओं के लिए चारा काटने, पानी भरने और अन्य कृषि संबंधी कार्य प्रभावित रहे। ग्रामीणों माशिउल्लाह खान, राजकुमार शर्मा, प्रमोद कुमार, आकाश शर्मा, ओम कुमार आदि का कहना है कि क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान बिजली लाइनों के किनारे खड़े बड़े पेड़ अक्सर खतरा बन जाते हैं, जिससे आए दिन आपूर्ति बाधित होती है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि बिजली लाइनों के आसपास खड़े जर्जर और बड़े पेड़ों की समय रहते छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके। लगातार 12 घंटे बिजली गुल रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।

Post a Comment

0 Comments