हाईटेंशन तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़। 10 आरोपी गिरफ्तार



थाना बाबरी पुलिस ने हाईटेंशन विद्युत तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बाबरी पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 23 बंडल हाईटेंशन तार, चार वाहन और तार काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर सुनसान और जंगल क्षेत्रों में स्थापित हाईटेंशन लाइनों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य पहले ग्रामीण और कम आवाजाही वाले इलाकों में लगे बिजली खंभों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय अलग-अलग वाहनों में पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक वायर कटर, ब्लेड और दस्तानों की मदद से तार काट लेते थे। चोरी के बाद तारों को तुरंत ले जाने के बजाय आसपास के जंगलों और सुनसान स्थानों पर छिपा दिया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। बाद में मौका मिलने पर अलग-अलग वाहनों से तारों को उठाकर बेचने की योजना बनाई जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने 29-30 मार्च की रात थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव टोड़ा के जंगल में छह बिजली खंभों से हाईटेंशन तार चोरी किए थे। इसके अलावा 6-7 अप्रैल को थाना गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव भैंसवाल, 8-9 अप्रैल को थाना कांधला क्षेत्र के गांव कनियान और 17 अप्रैल को थाना बाबरी क्षेत्र के गांव भाज्जू में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया गया। गिरोह के तार जनपद बुलंदशहर के खुर्जा देहात क्षेत्र में हुई घटनाओं से भी जुड़े पाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार उर्फ गोलू, फरमान, अफसर, मुशीद, आकाश कुमार, देवेंद्र गुप्ता, नितीश कुमार, नीरज, जगनू और इंद्रजीत शामिल हैं। अधिकांश आरोपी दिल्ली, बुलंदशहर, फिरोजाबाद और मुजफ्फरनगर के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य राज्यों और जिलों में दर्ज आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
बरामदगी में 23 बंडल हाईटेंशन विद्युत तार, दो बोलेरो पिकअप, एक छोटा हाथी मालवाहक वाहन, एक अर्टिगा कार और तार काटने के उपकरण शामिल हैं।
थानाध्यक्ष राहुल सिसौदिया ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से बिजली तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments