नगर के आर्यपुरी भगत की कोठी के पास स्थित बंजारा कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। क्षेत्र में एक ओर मस्जिद और दूसरी ओर एक धार्मिक संस्थान स्थित है, जिनके बीच करीब 100 मीटर के दायरे में खाली पड़े प्लॉट जलभराव के कारण तालाब जैसे बन चुके हैं। इससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्ले केसरवर चौधरी इनाम चौधरी तालिब चौधरी साजिद बंजारा का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन और चेयरमैन की लापरवाही के चलते अब तक सड़कों और नालियों का निर्माण नहीं कराया गया है। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, वहीं घरों का पानी सड़कों और खाली प्लॉटों में भर रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है और न ही पीने के पानी के लिए पाइपलाइन बिछाई गई है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि उनके मोहल्ले के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि शहर के अन्य इलाकों में वहां भी सड़क और नाली का निर्माण करा दिया गया है, जहां आबादी कम है, जबकि आर्यपुरी बंजारा कॉलोनी को नजरअंदाज किया जा रहा है।
मोहल्ले के मौलाना महफूजुर्रहमान ने बताया कि उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल और संबंधित अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क और नालियों का निर्माण नहीं कराया गया तो जलभराव के कारण मकानों को नुकसान हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

0 Comments