कस्बा बाबरी स्थित विश्वधारिणी भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर लगाई गई प्रशासनिक सील शुक्रवार को उपजिलाधिकारी के आदेश पर हटा दी गई। सील हटने के साथ ही एजेंसी का संचालन दोबारा शुरू हो गया, जिससे पिछले कुछ दिनों से गैस संकट झेल रहे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि बुधवार को प्रशासनिक जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया गया था। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
शुक्रवार को उपजिलाधिकारी निधि भारद्वाज के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गोदाम की सील हटाई गई। इस दौरान तहसीलदार शामली मनोज कुमार, एआरओ नरेंद्र सिंह, सप्लाई इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार और कंपनी के सेल्स अधिकारी नवीन यादव समेत संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।तहसीलदार मनोज कुमार ने बताया कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए एजेंसी का संचालन पुनः शुरू करा दिया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अनियमितताओं से संबंधित विभागीय कार्रवाई नियमानुसार आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं के हित सर्वोपरि हैं और आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।

0 Comments