थाना क्षेत्र के ग्राम बंन्तीखेड़ा में बृहस्पतिवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम द्वारा छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने छात्राओं को तीन नए आपराधिक कानूनों की विस्तृत जानकारी देते हुए “दण्ड से न्याय की ओर” की अवधारणा को समझाया और बताया कि नए कानून छात्राओं को अधिक सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रदान करने के लिए बनाए गए हैं।
अभियान के दौरान उपस्थित छात्राओं को साइबर क्राइम, ऑनलाइन धोखाधड़ी, छेड़खानी और बाल अपराध जैसे संवेदनशील विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें इन अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
टीम ने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 108 एंबुलेंस सेवा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना तथा ‘ऑपरेशन सवेरा’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर टीम ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना झिझक संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।

0 Comments