सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी व्यापारी की बाइक, मौत



कैराना। कस्बे के बिल्डिंग मटेरियल व्यापारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मौत से मृतक व्यापारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। व्यापारी ऊंचागांव में योगी डॉ. गौतमनाथ से पालिका द्वारा उसकी दुकान के सामने डाली गई गंदगी की शिकायत करके वापिस लौट रहा था।

कस्बे के मुख्य पानीपत-शामली मार्ग पर स्थित सीओ कार्यालय के सामने व्यापारी प्रवीण कुमार ने बिल्डिंग मटेरियल की दुकान कर रखी है। दुकान के ऊपर ही व्यापारी का आवास स्थित है। गुरुवार को व्यापारी प्रवीण कुमार बाइक से क्षेत्र के ऊंचागांव में स्थित योगी डॉ. गौतमनाथ से मिलने के लिए उनके निर्माणाधीन मठ पर गए हुए थे। रात्रि करीब आठ बजे वह बाइक से घर वापिस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक कस्बे से पूर्व स्थित आम के बाग के सामने सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से जा टकराई, जिसमें बाइक सवार व्यापारी गम्भीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सहायता से घायल व्यापारी को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन अस्पताल में पहुंचे। व्यापारी की मौत की जानकारी मिलने पर योगी डॉ. गौतमनाथ ने भी रात्रि में ही अस्पताल पहुंचकर घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया। बाद में पुलिस ने मृतक व्यापारी के शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को मृतक व्यापारी के शव का गमगीन माहौल में यमुना नदी के किनारे बने घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। दिवंगत व्यापारी के ज्येष्ठ पुत्र अक्षय ने उनके पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। मृतक व्यापारी चार बच्चों का पिता बताया गया है, जिनमें दो पुत्र व दो पुत्रियां शामिल है। दोनों पुत्रियां विवाहित है, जबकि पुत्र अविवाहित है। बताया गया है कि विगत दिनों नगरपालिका के कर्मचारियों ने नाले की सफाई करके गंदगी को व्यापारी की दुकान के सामने डाल दिया था, जिसके सम्बन्ध में वह योगी डॉ. गौतमनाथ के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। वहीं, पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments