कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण हेतु कैराना में पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा पैदल गश्त व चेकिंग अभियान




         आज दिनांक 13.04.2026 को पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन.पी. सिंह द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कस्बा कैराना में पुलिस बल के साथ सघन पैदल गश्त की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शामली श्री सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना श्री हेमन्त कुमार भी उपस्थित रहे। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा मुख्य बाजार, संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों का गहन निरीक्षण किया गया एवं स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं/सुझावों को सुना गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा क्षेत्र में सतत पुलिस उपस्थिति बनाए रखी जाए। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कराई गई तथा बिना वैध कागजात के चलने वाले वाहनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए गए।

              तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यमुना ब्रिज पर चेकिंग कर रहे पुलिस बल का निरीक्षण किया गया एवं मौके पर उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए निर्देशित किया गया कि सीमा क्षेत्र होने के कारण प्रत्येक वाहन एवं व्यक्ति की सघनता से जांच की जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्यवाही की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। महोदय द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी अधिकारी/कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

0 Comments