नाली निर्माण को लेकर विवाद, फावड़े से हमले में युवक गंभीर घायल



थाना क्षेत्र के गांव बुटराड़ा में नाली निर्माण को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के दौरान एक पक्ष ने युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव निवासी हरपाल सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 7 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे प्रधान द्वारा भेजे गए मिस्त्री और मजदूर उनकी गली में नाली पर चैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही जोनी पुत्र पितम सिंह ने काम रुकवाने का प्रयास किया और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बीच जोनी ने हरपाल सिंह के बेटे कुशल पाल पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो पितम सिंह ने उस पर भी फावड़े से वार कर दिया। हमले में हरपाल सिंह के सिर पर गहरी चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को बचाया और घायल को उपचार के लिए भेजा।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments