कैराना। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना में शुक्रवार को “नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023” के प्रचार-प्रसार के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अधिनियम के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो देश के विकास की दिशा तय करने में सहायक सिद्ध होगी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डॉली ने कहा कि महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र अधिक सशक्त, समावेशी और संतुलित बनेगा। संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अधिनियम की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। आयशा सिराजी ने बताया कि इस कानून में लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, जो ऐतिहासिक कदम है। संध्या, विधि, आकाश, रेयान और ज्योति सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और सामाजिक सुधार में इस अधिनियम की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से नीति निर्माण अधिक संवेदनशील और न्यायपूर्ण होगा, जिससे समाज का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने अधिनियम का स्वागत किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
---

0 Comments