कैराना में भव्य फ्री मेडिकल कैम्प का आयोजन, सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ


कैराना, 22 अप्रैल (संवाददाता) कैराना के ईदगाह मैदान में बुधवार को एक भव्य फ्री मेडिकल कैम्प का सफल आयोजन किया गया। इस कैम्प का आयोजन साथी सेवा समिति द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कैम्प में देहरादून स्थित श्री महंत इंद्रेश अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की जांच की और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही, सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। जिन मरीजों की आंखों के ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई है, उनके लिए अगले दिन सुबह 9 बजे बस की विशेष व्यवस्था की गई है, जो उन्हें अस्पताल लेकर जाएगी और ऑपरेशन के बाद वापस भी लाएगी।

इसके अलावा, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए विभिन्न सहायक उपकरण जैसे कान की मशीन, बैसाखी, छड़ी (बैठने वाली छड़ी सहित), व्हीलचेयर, चलने में सहायक उपकरण, सिविकॉन फोम कमोड कुर्सी, घुटने की बेल्ट, वॉकर और ट्राई साइकिल आदि का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ साथी सेवा समिति के अध्यक्ष उमर शमशाद अंसारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर समिति के सचिव मो. शादाब अंसारी, नदीम अंसारी, डॉ. जफर सिद्दीकी, डॉ. असद अंसारी, डॉ. आबिद, राशिद अंसारी, वसीम (सभासद), इकराम अंसारी, कारी मुजम्मिल, उपाध्यक्ष नवाब अंसारी उर्फ शुक्कन पहलवान कैरानवी, हाफिज मुस्तकीम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस मौके पर उमर शमशाद अंसारी ने बताया कि लगभग 100 मरीजों के ऑपरेशन निःशुल्क कराए जाएंगे, जबकि आज करीब 250 मरीजों की जांच मुफ्त में की गई।

कैम्प के दौरान सैकड़ों मरीजों का उपचार कर उन्हें दवाइयां वितरित की गईं। इस सफल आयोजन में साथी सेवा समिति की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments