कैराना : तहसील क्षेत्र के खुरगान प्वाइंट पर यमुना नदी किनारे अवैध रेत खनन का मामला गंभीर होता जा रहा है। आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर दिन-रात मशीनों के जरिए रेत निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खुरगान प्वाइंट के पास आवंटित पट्टों की आड़ में निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक खनन किया जा रहा है। नियमानुसार खनन कार्य केवल तय समय सीमा में होना चाहिए, लेकिन यहां रात के समय भी बड़े पैमाने पर खनन जारी रहने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि यमुना की बहती धारा के बीच गहरे गड्ढे बनाए जा रहे हैं, जिससे नदी के प्रवाह पर असर पड़ रहा है। इन गड्ढों के कारण पूर्व में हादसे भी हो चुके हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। सूत्रों का कहना है कि पूर्व में प्रशासन द्वारा लाखों रुपये का जुर्माना भी लगाया जा चुका है और मामला नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) तक पहुंचा था, इसके बावजूद स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो यमुना के अस्तित्व पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं।

0 Comments