खेत में खड़े बिजली खंभे में उतरा करंट, युवक की दर्दनाक मौत; मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का हंगामा


थाना क्षेत्र के गांव कैड़ी में बृहस्पतिवार शाम लगभग 5:00 एक दर्दनाक हादसे में खेत पर गए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कैड़ी निवासी युवक आंसू पुत्र बृजेश सिंह उम्र लगभग 18 वर्ष शाम करीब 5 बजे अपने खेत में गेहूं की फसल काटने गया था। जैसे ही वह खेत के पास पहुंचा, वहां खड़े बिजली के खंभे में 11000 वोल्ट का करंट प्रवाहित हो रहा था। अनजाने में युवक उसके संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और बिजली विभाग की लापरवाही पर रोष जताने लगे।
परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने मृतक के भाई को सरकारी नौकरी और 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने परिजनों को एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और 5.59 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव रखा, लेकिन परिजन इस पर सहमत नहीं हुए और उन्होंने प्रस्ताव का विरोध किया।
मौके पर तहसीलदार, बिजली विभाग के एसडीओ विक्रम सिंह, जेई श्रीनिवास, सीओ सदर जितेंद्र सिंह सहित कई थानों की पुलिस बल मौजूद रही और स्थिति को संभालने का प्रयास करती रही। बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा दस लाख लाख का मुआवजा देने का वादा करते हुए देना खत्म कराया।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार में दो भाइयों में छोटा था और प्राइवेट तौर पर पढ़ाई करने के साथ-साथ अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments