कैराना : कैराना पुलिस ने आपरेशन सवेरा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध 168 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में मंगलवार रात थाना कैराना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने खुरगान से मंडावर जाने वाले मार्ग पर नयागांव स्थित पानी की टंकी के पास से नूरहसन पुत्र फतेहदीन निवासी ग्राम मंडावर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 168 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना कैराना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के तस्करी नेटवर्क के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच में जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक यूनुस खान, हेड कांस्टेबल ज्योति प्रकाश,राहुल कुमार व कांस्टेबल बबलू शामिल रहे।

0 Comments