शादी से पहले गैस सिलेंडर न मिलने से पिता परेशान, प्रशासन से लगाई गुहार


कैराना, 23 मार्च
कैराना के मोहल्ला दरबार निवासी एक पिता अपनी बेटी की शादी की तैयारियों को लेकर परेशान है। मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी सईद पुत्र फते मोहम्मद की बेटी की शादी 27 मार्च को तय है, लेकिन आवश्यक गैस सिलेंडरों की व्यवस्था न होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सईद ने बताया कि उनकी बेटी की बारात कांधला कस्बे से आएगी। शादी में मेहमानों के भोजन के लिए कम से कम चार गैस सिलेंडरों की आवश्यकता है, जबकि उनके पास केवल एक ही गैस कनेक्शन है। अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए उन्होंने स्थानीय गैस एजेंसी के कई चक्कर लगाए, लेकिन वहां से कोई सहायता नहीं मिली।

सोमवार को सईद तहसील मुख्यालय पहुंचे और एसडीएम निधि भारद्वाज को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मदद की उम्मीद जताई, लेकिन एसडीएम ने इस मामले में किसी प्रकार की अनुमति देने या सहायता करने में असमर्थता जताई।

एसडीएम कार्यालय से राहत न मिलने के बाद सईद ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते गैस सिलेंडरों का इंतजाम नहीं हुआ तो शादी में भोजन व्यवस्था करना मुश्किल हो जाएगा। इससे पूरा परिवार चिंता में डूबा हुआ है।

सईद की परेशानी को देखते हुए परिवार और मोहल्ले के लोग भी चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले में मदद की अपील की है, ताकि शादी समारोह में कोई बाधा न आए। एसडीएम निधि भारद्वाज का कहना है कि यह निजी कंपनी से जुड़ा मामला है, जिसमें प्रशासन सीधे हस्तक्षेप नहीं कर सकता।

Post a Comment

0 Comments