कैराना। क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। देर रात अज्ञात बाइक सवारों द्वारा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी पुराली में आग लगा दी गई, जिससे पीड़ित को भारी नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद राशिद पुत्र स्वर्गीय हाजी अख्तर हसन निवासी मोहल्ला आलदरयान, हाल निवासी मोहल्ला खेलकलां खुर्गान रोड कैराना, बीती रात करीब 9 बजे अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से कांधला फाटक पार कर गांव अट्टा माजरा के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक आए और ट्रॉली में भरी पुराली में आग लगाकर मौके से फरार हो गए।
कुछ दूरी आगे बढ़ने पर सामने से आ रहे लोगों ने घटना की जानकारी दी। इस पर राशिद ने तुरंत ट्रैक्टर रोका, लेकिन तब तक अधिकांश पुराली जलकर राख हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पीड़ित के अनुसार इस घटना में पुराली के साथ-साथ ट्रॉली के पहियों आदि को भी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments