इमाम गेट चौराहे के नाले पर अवैध कब्जे की शिकायत, कार्रवाई की मांग


कैराना। नगर के मोहल्ला खेलखुर्द स्थित इमाम गेट चौराहे पर सरकारी नाले और सार्वजनिक सड़क पर अवैध क़ब्ज़े का मामला सामने आया है। इस संबंध में मोहल्ला बिसातीयान निवासी सलीम चौधरी पुत्र गय्यूर ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सलीम चौधरी द्वारा भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि मोहल्ला खेलखुर्द में इमाम गेट चौराहे के पास बने सरकारी नाले पर एक व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। बताया गया है कि उक्त व्यक्ति ने नाले के ऊपर लोहे का जाल लगाकर उस पर अवैध रूप से ठेले लगवा रखे हैं और स्वयं भी वहीं ठेला लगाता है।

शिकायत में कहा गया है कि इस अवैध कब्जे और ठेलों के कारण चौराहे पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा नाले पर कब्जा होने के कारण उसकी सही ढंग से सफाई भी नहीं हो पा रही है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और अन्य समस्याएं बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति दबंग प्रवृत्ति का है और यदि कोई उससे नाले से अतिक्रमण हटाने के लिए कहता है तो वह गाली-गलौज करने लगता है और धमकी देता है।

सलीम चौधरी ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर सरकारी नाले पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments