कैराना: कैराना क्षेत्र में चोरों ने बड़ी ही बेखौफी के साथ शादी समारोह के दौरान एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी कर ली। चोरों ने बड़ी आसानी से बाइक का हैंडल लॉक तोड़ा और कुछ ही पलों में उसे स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित युवक हारून, जो मोहल्ला गुलशन नगर के निवासी हैं, अपनी मोटरसाइकिल (UP 19 K 4734) से तीतरवाड़ा रोड स्थित इंडियन मैरिज होम में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक बाहर खड़ी की और कार्यक्रम में चले गए, लेकिन जब वापस लौटे तो मोटरसाइकिल गायब थी। काफी तलाश के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका, जिससे वह परेशान हो गए।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो युवक मोटरसाइकिल चोरी करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज में उनकी पूरी गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई हैं, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक अन्य मोटरसाइकिल (UP 19 B 4094) पर सवार होकर आए थे। उन्होंने पहले इलाके की रेकी की और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
पीड़ित हारून ने पुलिस से अपनी मोटरसाइकिल बरामद करने की गुहार लगाई है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 Comments