पंचायत में आये पूर्व प्रधान व अन्य लोगो पर फायरिंग, मुकदमा दर्ज


कैराना। कस्बे की बंजारा बस्ती में आयोजित पंचायत में आए पूर्व प्रधान व अन्य लोगो पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।

जनपद मेरठ के इंचौली थानाक्षेत्र के गांव मीठेपुर निवासी काजिम ने कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसका पिता दातिया उर्फ हुसैनी गांव का पूर्व प्रधान है। विगत 22 मार्च को उसका पिता तथा वह अन्य लोगो के साथ में बिरादरी से जुड़े मामले की सलाह-मशविरा हेतु कैराना कस्बे की बंजारा बस्ती में आयोजित पंचायत में आए हुए थे। पंचायत में कैराना के भी काफी लोग मौजूद थे। पंचायत के बाद रात्रि लगभग 11 बजे वह, उसका पिता दातिया उर्फ हुसैनी, लाहिया, नवाब, अलीजान आदि गाड़ी में सवार होकर अपने घर के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तस्लीम व बुट्टा निवासीगण बंजारा बस्ती कस्बा कैराना तथा पीरू, कायम, शहजाद उर्फ पदीना, यामीन व शौकीन निवासीगण ग्राम इकडी नानू थाना सरधना जनपद मेरठ ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने हाथों में लिए लाठी-डंडों से उसके तथा उसके पिता के साथ में मारपीट भी की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसके पश्चात आरोपी गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोपियों ने दोबारा पंचायत में आने पर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
-----------------

Post a Comment

0 Comments