कस्बे में आगामी होली के त्योहार और रमजान माह की तैयारियों के चलते बाजारों में असामान्य भीड़ देखने को मिल रही है। इससे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार तीन और चार मार्च को होली की खरीदारी और रमजान से जुड़ी जरूरतों के कारण शहर के प्रमुख बाजार,चौक बाजार, पुराना बाजार, जामा मस्जिद क्षेत्र, जुड़वां कुआं और मीना मार्केट में खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। स्थिति उस समय और बिगड़ जाती है जब इन बाजारों में ई-रिक्शा की बेरोकटोक आवाजाही जारी रहती है, जिससे रास्ते संकरे हो जाते हैं और पैदल चलना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने सड़क तक सामान फैलाने से समस्या और गंभीर हो गई है। इसके चलते बाजारों में जाम की स्थिति बन रही है और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर शाम और इफ्तार के समय हालात ज्यादा खराब हो जाते हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कम से कम रमजान के दौरान बाजारों में ई-रिक्शा के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई जाए। साथ ही प्रमुख तिराहों, चौराहों और बाजार के प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोग सुगमता से खरीदारी कर सकें।
लोगों का मानना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो त्योहारों के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है, इसलिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।

0 Comments