ईद-उल-फितर के दिन भी लगा एसआईआर कैंप,लोगों की गैरहाज़िरी से अफसर रहे इंतज़ार में


कैराना, 21 मार्च 
ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर जहां पूरे मुल्क में अल्पसंख्यक समुदाय ने अपने सबसे बड़े त्योहार को पूरे जोश व अकीदत के साथ मनाया, वहीं कैराना में तहसील प्रशासन के निर्देश पर एसआईआर कैंप का आयोजन किए जाने से स्थानीय लोगों में हैरत और नाराज़गी देखने को मिली। बीडीओ कैराना बृजेश कुमार कैंप में पहुंचे और नो मैपिंग से जुड़े मामलों की सुनवाई की, लेकिन ईद के चलते आम लोगों की मौजूदगी बेहद कम रही।

जानकारी के मुताबिक कैंप में सिर्फ गिने-चुने लोग ही पहुंचे, जबकि ज्यादातर लोग ईद की खुशियों में मशगूल रहे। खास बात यह रही कि कैंप में तैनात बीएलओ की बड़ी तादाद मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखती थी, जो ईद के दिन ड्यूटी निभाने के कारण मायूस और थके हुए नज़र आए।

जिस इलाके में कैंप लगाया गया, वह मुस्लिम बहुल क्षेत्र है, जहां ईदगाह में नमाज़-ए-ईद के बाद भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने ईद के दिन कैंप लगाए जाने को नामुनासिब बताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ लोगों की भागीदारी प्रभावित हुई, बल्कि ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को भी त्योहार की खुशियों से महरूम रहना पड़ा।

कैंप में बीडीओ बृजेश कुमार के लेखपाल लोकेश तनवर, बीएलओ शहजाद खान, आरिफ हसन, आरिफ अली, असलम अंसारी और श्रीमती मीनू समेत करीब एक दर्जन बीएलओ मौजूद रहे, लेकिन लोगों की गैरमौजूदगी के चलते कैंप की गतिविधियां सीमित ही रह गईं।

Post a Comment

0 Comments