जनपद शामली में चल रही उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान तथा पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पब्लिक इंटर कॉलेज कैराना परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षकों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश प्रक्रिया तथा परीक्षार्थियों की तलाशी व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यदि नकल या लापरवाही की शिकायत मिली तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व डीएम और एसपी ने जिला जज के आवास पर आयोजित बैठक में भाग लिया, जिसमें परीक्षा की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी को लेकर चर्चा की गई। बैठक के बाद दोनों अधिकारी सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचे और व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया।
गौरतलब है कि यूपी बोर्ड के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों की परीक्षाएँ जनपद के विभिन्न केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही हैं। प्रशासन की सख्ती और लगातार निरीक्षण से परीक्षा व्यवस्था पारदर्शी व नकलविहीन बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

0 Comments